
सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश एवं खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सासन चौकी क्षेत्र में खनिज एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन पर कड़ा प्रहार किया है। शुक्रवार देर शाम ग्राम करकोटा -हर्रहवा क्षेत्र में दबिश देकर करीब 7 हाईवा अवैध रेत जप्त किए गए, जिससे अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहनों की जांच की, जहां वैध दस्तावेज न पाए जाने पर सभी हाईवा को जप्त कर लिया गया और आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
इस कार्रवाई में सासन चौकी से सब इंस्पेक्टर संदीप नामदेव, एएसआई विजय अग्निहोत्री, हेड कांस्टेबल मोहम्मद कौसर, हेड कांस्टेबल लल्लू सिंह एवं कांस्टेबल सहजानंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं खनिज विभाग की ओर से खनिज इंस्पेक्टर रामसुशील चौरसिया एवं उनकी टीम ने सक्रिय योगदान दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
