सिंगरौली: वार्ड क्रमांक 41 के पार्षद प्रतिनिधि एवं समाजसेवी अर्जुन दास गुप्ता के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। बनारस में उपचार के दौरान निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर ग्राम गनियारी लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। उनके अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब उनके प्रति लोगों के गहरे लगाव और आत्मीय संबंधों को बयां कर रहा था।
सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने दिवंगत अर्जुन दास गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी। विधायक ने कहा कि उनका निधन अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों एवं शुभचिंतकों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
अर्जुन दास गुप्ता की अंतिम यात्रा में सैकड़ों की संख्या में उनके मित्र, साथी, रिश्तेदार, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल हुए। हर आंख नम थी और वातावरण गमगीन नजर आया। लोगों ने उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और नम आंखों से अंतिम विदाई दी। कराते खिलाड़ी के रूप में अर्जुन दास गुप्ता ने क्षेत्र का नाम रोशन किया था। सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण उनका लोगों से गहरा जुड़ाव था। उनकी अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ ने उनके व्यक्तित्व और लोकप्रियता की गहरी छाप को उजागर कर दिया।
