इंदौर: नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए कनाड़िया पुलिस ने एमडी ड्रग्स के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये की एमडी के साथ एक लग्जरी थार कार भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कनाड़िया थाना पुलिस के अनुसार देर रात करीब 1.10 बजे टीपीएस-05 रोड पर फिनिक्स मॉल के पास गश्त के दौरान एक काले रंग की थार कार संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी।
पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें आरोपी के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद हुआ। जब्त एमडी का वजन 5.15 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से काले रंग की थार कार क्रमांक एमपी-07-सीजे-1320 को भी जब्त किया है। पूछताछ में आरोपी की पहचान आबान निवासी कोहिफिजा कॉलोनी, भोपाल के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की. पुलिस यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने की तैयारी थी।
