
नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक सडक़ हादसे में 45 वर्षीय किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोहरलाल नायक निवासी खेड़ी के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोहरलाल नायक अपने खेत की ओर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगडऩे से वे ट्रैक्टर-ट्रॉली से नीचे गिर गए। हादसे में ट्रॉली का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए निजी श्रीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही नयागांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के पुत्र ने बताया कि उनके पिता खेत पर कृषि कार्य के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह एक दुर्घटनावश हुआ हादसा बताया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
