सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंड़ा एवं विनायका क्षेत्र में जहरीली शराब प्रकरण के मुख्य आरोपी ₹30,000 के इनामी बदमाश मनीष लोधी को नोनिया सेसई रोड घाटी थाना मालथौन क्षेत्र से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आज बुधवार को सुबह तीन बजे मालथौन क्षेत्र मे पुलिस का सामना देख मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने पर पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें मनीष लोधी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। वहीं, गिरफ्तारी से बचने का प्रयास करते हुए भाग रहे आशीष साहू भी घायल हुआ है। पुलिस टीम द्वारा मौके से आरोपियों के कब्जे से 02 देशी कट्टे, 05 राउंड कारतूस तथा एक बेसबॉल डंडा बरामद किया गया है। दोनों घायल आरोपियों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।मामले में घटनास्थल की आवश्यक कार्रवाई, हथियार एवं अन्य साक्ष्यों का संकलन तथा घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई एवं विस्तृत विवेचना जारी है।
