रायपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा क्षेत्र में लूट की एक बड़ी वारदात आज सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान के मैनेजर पर हमला कर भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,ज्वेलरी व्यवसायी के मैनेजर विनीत सोनी तिल्दाडीह स्थित दुकान बंद करने के बाद दूसरी शाखा से कीमती आभूषण लेकर खरोरा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो से तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
