आकाशीय बिजली से उजड़ा गरीब परिवार का आशियाना, सरकारी सहायता सीमित होने पर जनसहयोग की मुहिम शुरू

पिपलियामंडी। ग्राम पामाखेड़ा में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से ओमप्रकाश पिता कारूलाल मालवीय का आशियाना पूरी तरह उजड़ गया था। इस प्राकृतिक आपदा में उनका मकान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बकरियां, अनाज, राशन, बर्तन, कपड़े एवं वर्षों की मेहनत से जुटाया गया गृहस्थी का लगभग पूरा सामान नष्ट हो गया। हादसे के बाद परिवार अत्यंत विषम परिस्थितियों में जीवनयापन करने को मजबूर है। घटना की जानकारी मिलने पर मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के किसान नेता श्यामलाल जोकचंद ग्राम पामाखेड़ा पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने ग्राम के पटवारी से चर्चा कर शासन द्वारा मिलने वाली राहत राशि की जानकारी ली। चर्चा में सामने आया कि मकान क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में शासन की ओर से अधिकतम 1 लाख 20 हजार रुपये तक की सहायता का ही प्रावधान है। ऐसे में परिवार को हुए वास्तविक नुकसान की भरपाई केवल सरकारी सहायता से संभव नहीं होने पर जोकचंद ने जनसहयोग अभियान शुरू करने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र की आम जनता, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, समाजसेवियों एवं दानदाताओं से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने की अपील की। उनकी अपील का सकारात्मक असर पहले ही दिन देखने को मिला और लोगों ने आगे बढ़कर सहयोग किया। जनसहयोग अभियान के पहले दिन ही विभिन्न लोगों द्वारा पीड़ित परिवार के खाते में करीब 20 हजार रुपये की सहायता राशि जमा कराई गई। श्यामलाल जोकचंद ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित इस परिवार को समाज के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यथासंभव आर्थिक सहयोग देकर इस गरीब परिवार का उजड़ा हुआ आशियाना फिर से बसाने में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज की सामूहिक पहल से पीड़ित परिवार को इस कठिन समय से उबरने में बड़ी मदद मिलेगी।

Next Post

प्रेमिका के पति को युवक ने अपनी पत्नी और साथियों के साथ मिलकर उतारा था मौत के घाट

Thu Jul 9 , 2026
रीवा, रीवा के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में 3 महीने बाद एक कब्र से मौत का ऐसा राज खुलकर सामने आया जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए. आदमी का शरीर कंकाल में परिवर्तित हो चुका था लेकिन हत्या के आरोपी पुलिस के हिरासत में थे. हत्या का राज जब खुला तो […]

You May Like