
रीवा, रीवा के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में 3 महीने बाद एक कब्र से मौत का ऐसा राज खुलकर सामने आया जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए. आदमी का शरीर कंकाल में परिवर्तित हो चुका था लेकिन हत्या के आरोपी पुलिस के हिरासत में थे. हत्या का राज जब खुला तो पता चला कि एक शादीशुदा महिला के प्रेम में पागल व्यक्ति ने अपनी पत्नी और साथियों के साथ मिलकर प्रेमिका के पति को मौत के घाट उतारा था. इस खौफनाक हत्या की साजिश सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में रची गई थी.
पुलिस के अनुसार मृतक विपिन यादव 26 मार्च 2026 को अपने घर से लापता हुआ था गुमशुदगी संबंधित थाने में दर्ज हुई लेकिन युवक का पता नहीं चला. विपिन के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर पुलिस को पता चला कि उसकी आखिरी लोकेशन गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव की है. इस दौरान परिजनों ने बताया कि विपिन 26 मार्च को अपने दोस्त सुनील कुशवाहा के साथ घर से निकला था शंका के आधार पर पुलिस ने सुनील कुशवाहा का पता किया तो वह टीकर गांव का ही था. आरोपी से जब पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विपिन की हत्या की इसके बाद उसे नहर किनारे कब्र में दफना दिया. गोविंदगढ़ पुलिस से संपर्क करने के बाद रामपुर बघेलान पुलिस ने तीन माह बाद युवक के शव को बाहर निकलवाया जो कंकाल में तब्दील हो चुका है. बताया जा रहा है कि आरोपी का मृतक के पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग था और वह विपिन को अपने रास्ते से हटाना चाहता था इस पूरी घटना में आरोपी की पत्नी भी शामिल थी. फिलहाल कब्र से निकले अवशेष को पीएम कार्यवाही के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया है.
