वृद्धावस्था पेंशन योजना के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितताएं

इंदौर:शहर के बड़ी ग्वालटोली और वार्ड 42 के विनोबा नगर, शीतला माता मंदिर क्षेत्र) सहित अन्य कई क्षेत्रों में वृद्धावस्था पेंशन योजना के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं. 70 वर्ष की आयु पार कर चुके कई पात्र बुजुर्गों को बार-बार आवेदन करने के बावजूद अभी तक पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है.
नवभारत की पड़ताल में यह जानकारी भी सामने आई कि जिन बुजुर्गों की पेंशन शुरू भी हुई है, उनकी राशि बीच-बीच में बिना किसी स्पष्ट कारण के बंद कर दी जाती है. इसे दोबारा चालू कराने के लिए उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. योजना के निःशुल्क फॉर्म भरने के नाम पर बिचौलियों या संबंधित कर्मचारियों द्वारा बुजुर्गों से 300 से 500 रुपए तक की अवैध वसूली की जा रही है, लेकिन पैसे देने के बाद भी उनका काम नहीं हो रहा है. सवाल यह है कि कितने आवेदन लंबित हैं कितने बुजुर्ग पेंशन से वंचित हैं यह कोई भी जिम्मेदार बताने को तैयार नहीं हैं.

यह बोले हितग्राही…

मैं 62 वर्ष का हूं और पेंशन योजना के लिए पात्र हूं, मुझे इसका लाभ मिलना चाहिए, लेकिन नहीं मिला. फॉर्म भरने वालों ने 500 रुपए भी ले लिए, लेकिन अब तक पेंशन शुरू नहीं हो पाई.
– बलराम वर्मा

मेरी 63 और मेरे बड़े की भाई 66 वर्ष आयु है. तीन साल पहले फॉर्म भरा. उसके बाद भी कई बार फार्म भरे लेकिन जब भी फॉर्म भरो लेकर रख लेते हैं और चक्कर कटवाते हैं. जबकि हमसे फॉर्म भरने के 50-50 रुपए भी लिए.
– दिलीप बोरासी

पहले भी दो-तीन बार मेरी पेंशन रुक गई थी, फिर कई दिनों तक भाग दौड़ की, दोबारा सत्यापन करवाया, फिर छह महीने बाद आई. अब फिर रुक गई. कोई बुजुर्ग कितनी भाग दौड़ करें.
– आशा बाई कौशल

पहले साल पेंशन योजना का लाभ मिलता रहा. फिर 2 साल पूर्व अचानक पेंशन देना बंद कर दी. कई बार चक्कर लगाए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला. मैं तो परेशान होकर पेंशन की अब उम्मीद भी छोड़ चुका हूं.
– केशवराम बोरासी

Next Post

अधूरे किशनगंज ब्रिज को लेकर कांग्रेस ने किया चक्काजाम

Wed Nov 18 , 2026
महू: किशनगंज ब्रिज का लंबे समय से अधूरा निर्माण अब न केवल आम जनता के लिए जी का जंजाल बन चुका है, बल्कि स्थानीय प्रशासन के लिए भी कानून-व्यवस्था की एक बड़ी चुनौती का रूप ले रहा है. निर्माण कार्य की कछुआ गति और रोज-रोज के ट्रैफिक जाम से त्रस्त […]

You May Like