महू: किशनगंज ब्रिज का लंबे समय से अधूरा निर्माण अब न केवल आम जनता के लिए जी का जंजाल बन चुका है, बल्कि स्थानीय प्रशासन के लिए भी कानून-व्यवस्था की एक बड़ी चुनौती का रूप ले रहा है. निर्माण कार्य की कछुआ गति और रोज-रोज के ट्रैफिक जाम से त्रस्त जनता की आवाज उठाते हुए मंगलवार को कांग्रेस और युवक कांग्रेस का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा.
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निर्माण स्थल के समीप प्रदर्शन करते हुए मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. करीब 40 मिनट तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीर और वाहन चालक परेशान नजर आए. प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल ने चेतावनी दी कि प्रशासन और संबंधित विभाग यह कान खोलकर सुन लें कि अप्रैल 2027 तक किशनगंज ब्रिज का निर्माण हर हाल में पूरा कर इसे जनता के लिए चालू किया जाना चाहिए,अन्यथा मैं इसी जगह पर आत्मदाह करूंगा. उनकी इस गंभीर चेतावनी के बाद मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन देकर चक्काजाम समाप्त करवाया
