इंदौर: आगामी त्योहारों को देखते हुए जोन-1 के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने निगरानी और जनसंपर्क बढ़ाया है. कहीं शांति समिति की बैठक लेकर जुलूस और यातायात व्यवस्था पर चर्चा हुई तो कहीं बच्चों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई. संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने पैदल मार्च भी किया.राऊ थाना क्षेत्र के संजय नगर, नेहरू नगर, पालपट्टी और झूलेलाल नगर में बच्चों को गुड टच-बैड टच, बाल सुरक्षा और अनजान लोगों से मिलने वाले प्रलोभन से बचने के बारे में बताया गया. बच्चों को किसी संदिग्ध स्थिति में परिजन, शिक्षक या पुलिस को जानकारी देने के लिए कहा गया. त्योहारों को लेकर राजेंद्र नगर में राऊ और राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की शांति समिति और आयोजकों की बैठक हुई.
मल्हारगंज और सदर बाजार में भी आयोजकों व समिति सदस्यों के साथ बैठक की गई. ईद-उल-मिलादुन्नबी के अलावा रक्षाबंधन, गणेश उत्सव, जन्माष्टमी और गोगा नवमी को लेकर जुलूस मार्ग, यातायात, बिजली सुरक्षा और ध्वनि सीमा पर चर्चा हुई. आजाद नगर पुलिस ने चिन्हित गुंडे और आरोपियों को प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था में लगाया. पुलिस के मुताबिक इससे उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के साथ चौराहों पर यातायात व्यवस्था में भी उनका उपयोग किया जा रहा है. तेजाजी नगर के नेहरूवनग्राम में पुलिस ने लोगों के साथ चाय पर चर्चा की. बातचीत में महिला सुरक्षा, नशे से होने वाले नुकसान और अपराध की रोकथाम पर चर्चा हुई.
लोगों से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया. तेजाजी नगर थाने में महिला संबंधी अपराधों के आरोपियों को महिलाओं और बच्चियों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखने की शपथ भी दिलाई गई. उन्हें यौन अपराधों से दूर रहने तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो प्रसारित नहीं करने की समझाइश दी गई. सदर बाजार और मल्हारगंज क्षेत्र में पुलिस ने पैदल मार्च निकाला. इसमें पुलिस अधिकारियों के साथ बल भी मौजूद रहा. त्योहारों के दौरान संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी बनाए रखने और जरूरत के अनुसार चेकिंग बढ़ाने की तैयारी की जा रही है.
