रतलाम RDA का एक्शन प्लान: हुडको से मिले 25 करोड़ के कर्ज से पूरी होंगी अधूरी योजनाएं

रतलाम:शहर के बढ़ते दायरे और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए रतलाम विकास प्राधिकरण ने नई नगर विकास योजना को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को आयोजित संचालक मंडल की बैठक में नगर विकास योजना क्रमांक-2 के क्रियान्वयन के लिए निविदा प्रक्रिया प्रारंभ करने को मंजूरी दे दी गई। इसके साथ ही सालाखेड़ी स्थित यातायात नगर के अधूरे विकास कार्य जल्द पूरे कर भूखंड आवंटन शुरू करने का निर्णय भी लिया गया।

प्राधिकरण कार्यालय में हुई बैठक में उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, प्रवीण सोनी सहित संचालक मंडल के सदस्य मौजूद रहे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार शर्मा ने विभिन्न प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण किया। बैठक में विभिन्न विभागों के शासकीय प्रतिनिधि, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत मंडल एवं नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

यातायात नगर को मिलेगी नई रफ्तार: बैठक में सालाखेड़ी स्थित यातायात नगर योजना की भी समीक्षा की गई। संचालक मंडल ने अधूरे विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा कर जल्द भूखंड आवंटन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। लंबे समय से लंबित इस योजना को अब तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी है।परशुराम विहार में भी होंगे विकास कार्य: संचालक मंडल ने परशुराम विहार योजना में रिक्त भूखंडों के विक्रय को भी मंजूरी दी। यहां उद्यानों का सौंदर्यीकरण, सोलर लाइटिंग और साफ-सफाई जैसे विकास कार्य कराए जाएंगे, जिसके बाद भूखंड बिक्री प्रक्रिया शुरू होगी।

25 करोड़ के ऋण से पूरी होंगी अधूरी योजनाएं: प्राधिकरण को हुडको के भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय से 25 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ है। यह राशि अविकसित और अधूरी योजनाओं को पूरा करने में उपयोग की जाएगी। बैठक में इस ऋण से संबंधित आगामी प्रक्रिया पर भी चर्चा कर निर्णय लिया गया।त्रिवेणी मेला क्षेत्र के पास विकसित होगी नई योजना
प्राधिकरण के अनुसार त्रिवेणी मेला स्थल के समीप लगभग 68 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित नगर विकास योजना का नक्शा वर्ष 2023 में नगर एवं ग्राम निवेश विभाग से स्वीकृत हो चुका है। अब योजना के विकास कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है, जिससे जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।

Next Post

गर्भवती महिलाओं की जांच में लापरवाही: सीएचसी जीरन के दो लैब टेक्नीशियन निलंबित

Wed May 27 , 2026
नीमच:प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित शिविर में गर्भवती महिलाओं की जांच में घोर लापरवाही बरतने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जीरन के लैब टेक्नीशियन अंकित शर्मा एव लीना सिंघाडिय़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने […]

You May Like