
सिंगरौली। जिले के लंघाडोल थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन व परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईवा सहित रेत जप्त की है। पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध बीएनएस एवं खान-खनिज अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लंघाडोल उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र धुर्वे द्वारा अवैध उत्खनन के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते दिन बुधवार को थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम झलरी स्थित हुरदुल नदी से एक हाईवा अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर हाईवा क्रमांक यूपी 70 एटी 4455 रेत से भरा हुआ पाया गया। चालक सूरज कुमार प्रजापति पिता छोटेलाल प्रजापति उम्र 21 वर्ष निवासी झलरी, थाना लंघाडोल से रेत उत्खनन एवं परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) बीएनएस तथा 4/21 खान-खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया। जप्त हाईवा व रेत जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख 25 हजार 500 रुपये बताई जा रही है, को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। उक्त कार्रवाई में सउनि विश्वनाथ रावत, सउनि नंदकुमार सिंह, प्रआर संतोष केवट, रामनाथ सिंह, पुष्पराज सिंह सहित आर सम्पत सिंह, महेन्द्र चौरसिया, महफूज खान, शैलेन्द्र धाकड़ व नीरज धानुक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध रेत कारोबार पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
