विधायक पुत्र vs लक्की यादव: मारपीट मामले में दोनों तरफ से गंभीर आरोप, कमिश्नर ने दिए जांच के आदेश

भोपाल। अरेरा हिल्स स्थित एमएलए रेस्ट हाउस के बाहर कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर के बेटे देवराज सिंह गुर्जर से मारपीट के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। इस मामले में आरोपी बनाए गए लक्की यादव की मां ने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से शिकायत कर पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि उनके बेटों के साथ न सिर्फ एमएलए रेस्ट हाउस के बाहर मारपीट की गई, बल्कि अरेरा हिल्स थाने में भी पुलिस की मौजूदगी में उनके साथ बेरहमी से मारपीट हुई।

शिकायत में उन्होंने कहा कि दोनों बेटों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसके बावजूद प्रभावशाली लोगों के दबाव में उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई और उनकी बात नहीं सुनी गई। आरोपी पक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि यदि जांच में आरोपी पक्ष के आरोप सही पाए जाते हैं, तो विधायक पुत्र देवराज सिंह गुर्जर और उनके साथियों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर, देवराज सिंह गुर्जर का कहना है कि 24 जून की रात एमएलए रेस्ट हाउस के बाहर चार युवक शराब पी रहे थे। मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज की, घर तक पहुंच गए और उनके साथ मारपीट की। शोर सुनकर उनके दोस्त मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद देवराज ने मेडिकल कराने के बाद अरेरा हिल्स थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।

फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।

Next Post

वैभव सूर्यवंशी इंडियन क्रिकेट के लिए एक ताकत बनेंगे: संगकारा

Sat Jun 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 जून (वार्ता) राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट डायरेक्टर कुमार संगकारा का मानना है कि टीनएज बैटिंग सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी में वर्ल्ड क्रिकेट में एक बड़ी ताकत बनने का टेम्परामेंट और टैलेंट है। उन्होंने कहा कि 15 साल का यह खिलाड़ी इतनी तेज़ी से आगे बढ़ने के बावजूद ज़मीन […]

You May Like