कतर से डाक के जरिए भारत में धन-प्रेषण की यूपीआई आधारित त्वरित, सुरक्षित धन प्रेषण सुविधा चालू

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) कतर से भारत के लिए डाक घर के जरिए यूपीआई आधारित त्वरित एवं सुरक्षित धन प्रेषण सेवा शुरू कर दी गयी है और इसके माध्यम से कतर में रहने वाले ग्राहक कतर पोस्ट के सेवा केंद्रों से भारत में यूपीआई से जुड़े बैंक खातों में सीधे धन भेज सकते हैं। संचार मंत्रालय की सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस सेवा को कतर पोस्ट, इंडिया पोस्ट, यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन के इंटरकनेक्शन प्लेटफॉर्म (यूपीयू-आईपी) और एनपीसीआई इंटरनेशनल लि. (एनआईपीएल) के सहयोग से विकसित किया गया है। इस पहल में कतर के डाक नेटवर्क की व्यापक पहुंच को भारत के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के साथ जोड़ा गया है।

इस सेवा का उद्घाटन 15 अगस्त को भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दोहा में लूलू माल में वहां के डॉक सेवा विभाग कतर पोस्ट के एक सेवा केंद्र पर किया गया जहां भारतीय दूतावास के प्रभारी राजदूत संदीप कुमार ने संबंधित हितधारकों से बातचीत की। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए ग्राहक कतर में वहां के डॉक सेवा विभाग के किसी केंद्र पर जाकर भारत में धन प्राप्त करने वाले व्यक्ति की यूपीआई पहचान और पहचान संबंधी अन्य आवश्यक जानकारी देकर धन भेज सकते हैं।

भारत में धन प्राप्त करने वाले को अपने यूपीआई ऐप पर विदेशी धनराशि प्राप्त करने की सुविधा सक्रिय करनी होगी ओर उससे कतर से भेजी गई राशि उसके यूपीआई से जुड़े बैंक खाते में तुरंत जमा हो जाएगी। इसके माध्यम से अधिकतम राशि 4,000 कतरी रियाल ( क्यूएआर) ( अधिकतम 1,00,000 रुपये) तक भेज सकता है। इस पर प्रति लेनदेन 15 क्यूएआर का शुल्क लगेगा। मंत्रालय ने कहा है कि यह सेवा कतर में रहने वाले बड़े भारतीय समुदाय के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

.....

Next Post

अमेरिका-ईरान के बीच 60-दिन का समझौता बेनतीजा, परमाणु मुद्दे, होर्मुज पर तनाव बरकरार

Mon Aug 17 , 2026
वाशिंगटन/तेहरान, 17 अगस्त (वार्ता) अमेरिका और ईरान के बीच 17 जून को हुए 60-दिन के समझौते की समय सीमा सोमवार को समाप्त हो गयी, लेकिन दोनों देश युद्ध समाप्त करने, ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करने और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलने पर सहमति […]

You May Like