
रायसेन। रायसेन शहर के भोपाल रोड स्थित प्राचीन चोपड़ा तालाब में बुधवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका कर्मचारियों, वार्डवासियों और स्कूली बच्चों सहित लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।अभियान के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सविता जमुना सेन, एसडीएम मनीष शर्मा, सीएमओ सुरेखा जाटव, रानी तिवारी और अर्चना शर्मा सहित अन्य नगर पालिका कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर तालाब के किनारों और घाटों की सफाई की। इस दौरान स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया गया। यह सफाई अभियान ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का हिस्सा है, जो जिलेभर में 19 मार्च से 30 जून तक चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य तालाबों और बावड़ियों की साफ-सफाई कर जल संरक्षण को बढ़ावा देना है। नगर पालिका शहर के अन्य जल स्रोतों को भी स्वच्छ बनाने का कार्य लगातार कर रही है। वार्ड क्रमांक 18 स्थित चोपड़ा तालाब पर चले इस अभियान में स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने श्रमदान कर तालाब को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया और जल संरक्षण का संकल्प लिया। इस पहल से प्राचीन जल स्रोतों के संरक्षण और शहर में जल स्तर सुधारने की उम्मीद है।
