![]()
जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत न्यू कंचनपुर क्षेत्र में बीती रात मकान के बकाया पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो सगे भाइयों ने एक व्यापारी के घर पर सुअरमार बम पटक दिए। धमाके से इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने बताया कि चंद्रशेखर प्रजापति 41 वर्ष निवासी न्यू कंचनपुर ईंट का व्यवसाय करता है। उसने दिसंबर 2025 में राजकुमार यादव से कंचनपुर में एक मकान खरीदा था, जिसकी रजिस्ट्री और नामांतरण की प्रक्रिया विधिवत पूरी हो चुकी है। मकान में शिफ्ट होने के बाद राजकुमार यादव का कुछ सामान अभी भी कमरे में रखा हुआ था। बीती रात करीब 9 बजे चंद्रशेखर को रास्ते में राजकुमार यादव के दो बेटे अमित यादव उर्फ कंचा और रोहित यादव उर्फ बंटा मिले। चंद्रशेखर ने उनसे अपना पुराना सामान ले जाने को कहा। इस पर दोनों भाई भड़क गए और मकान के सौदे के अलावा 70 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया कि वह पूरे पैसे दे चुका है, जिसके बाद वह अपने घर लौट आया। विवाद यहीं शांत नहीं हुआ। रात करीब 10 बजे अमित और रोहित मोटरसाइकिल से चंद्रशेखर के घर पहुंचे और गंदी गालियां देने लगे। जब चंद्रशेखर ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके घर के अंदर एक के बाद एक दो सुअरमार बम फेंके। धमाका इतना जोरदार था कि घर में मौजूद लोग सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर अधारताल पुलिस ने आरोपी अमित यादव और रोहित यादव के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
