
रीवा। रीवा जिले में निर्धारित खरीदी केन्द्रों में एक दिसम्बर से समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन शुरू हो गया है. राजस्व अधिकारियों द्वारा खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करके उपार्जन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने मनिकवार सेवा सहकारी समिति द्वारा संचालित खरीदी केन्द्र लढ़ वेयरहाउस का निरीक्षण किया. श्री गुर्जर ने मौके पर उपस्थित कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को खरीदी केन्द्र में उचित सुविधाएं दें. छाया, पानी के साथ-साथ अलाव की भी व्यवस्था करें. इस समय शाम में भी तापमान कम हो जाता है. किसानों से दिन समाप्त होने तक धान उपार्जन का प्रयास करें. किसानों से प्रत्येक बोरे में निर्धारित मात्रा में ही धान लें. प्रत्येक बोरे में नीले रंग का एक्सटेंसिल लगाकर उसमें खरीदी केन्द्र का विवरण तथा किसान का पंजीयन क्रमांक अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं. मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने खरीदी केन्द्र में आए किसानों से खरीदी केन्द्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
