एकलपीठ के आदेश पर डिवीजन बेंच की रोक

जबलपुर: मप्र हाईकोर्ट ने एकलपीठ के उस आदेश पर रोक लगा दी है, जिसमें गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल के अस्पताल प्रबंधक, सहायक प्रबंधक व डिप्टी रजिस्ट्रार की नियुक्तियां निरस्त कर दी गई थीं। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ मामले में चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव, आयुक्त, मेडिकल कॉलेज के डीन व अन्य को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने के निर्देश दिये है।

उल्लेखनीय है कि भोपाल निवासी मनोहर सिंह ने पूर्व में एक याचिका दायर की थी। याचिका में नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे। मामले पर सुनवाई के बाद एकलपीठ ने सभी नियुक्तियां निरस्त कर तत्कालीन डीन पर दो लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। एकलपीठ ने दोबारा मेरिट लिस्ट बनाकर नए सिरे से साक्षात्कार करने और नियुक्तियां करने के निर्देश दिए थे।

इसी तारतम्य में कॉलेज प्रबंधन ने 24 अक्टूबर को साक्षात्कार आयोजित किया है। एकलपीठ के आदेश के खिलाफ विदिशा निवासी रवींद्र कुशवाहा और महेंद्र सोनी व अन्य ने अपील प्रस्तुत की थी। अपीलार्थियों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आदित्य संघी ने दलील दी कि उनके मुवक्किलों के पास पूर्ण योग्यताएं हैं और वह पिछले छह वर्षों से कार्यरत हैं। उनकी नियुक्ति निरस्त करना अनुचित है। उन्होंने कहा कि यदि एकलपीठ के आदेश पर रोक नहीं लगाई गई तो आगामी 24 अक्टूबर को नई नियुक्तियां कर दी जाएंगी। सुनवाई पश्चात् न्यायालय ने एकलपीठ के आदेश पर रोक लगाते हुए अनावेदकों को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने के निर्देश दिये।

Next Post

दिल्ली में आज छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेताओं की बैठक, जिला अध्यक्षों के नाम पर लगेगी मुहर

Thu Oct 23 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली में आज छत्तीसगढ़ कांग्रेस नेताओं की बैठक होने वाली है। इस बैठक में छत्तीसगढ़ में नए ज़िलाध्यक्षों के नाम पर मुहर लगेगी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज इस बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार शाम दिल्ली पहुंचे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेया और पार्टी […]

You May Like