भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए यह राहत और भरोसे दोनों की खबर है कि देश के सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर अप्रैल में बढक़र पांच महीने के उच्च स्तर 58.8 पर पहुंच गई है. एचएसबीसी इंडिया सेवा पीएमआई (परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स) का मार्च के 57.5 से बढक़र अप्रैल में 58.8 तक पहुंचना केवल एक सांख्यिकीय उपलब्धि नहीं, बल्कि यह संकेत है कि वैश्विक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनावों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की आंतरिक मांग अब भी मजबूत बनी हुई है.
दरअसल, भारत की अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र की भूमिका लगातार निर्णायक होती जा रही है. सूचना प्रौद्योगिकी, ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स, बैंकिंग, पर्यटन, स्वास्थ्य और पेशेवर सेवाओं जैसे क्षेत्रों ने पिछले एक दशक में भारतीय विकास मॉडल को नई दिशा दी है. अप्रैल के आंकड़े बताते हैं कि नए ऑर्डर और उत्पादन में तेज वृद्धि ने इस क्षेत्र को नई ऊर्जा दी है. विशेष रूप से ई-कॉमर्स, रिलोकेशन और लॉजिस्टिक्स सेवाओं की बढ़ती मांग यह संकेत देती है कि घरेलू बाजार में उपभोग और व्यावसायिक गतिविधियां तेज बनी हुई हैं.
यह भी महत्वपूर्ण है कि सेवा क्षेत्र की यह मजबूती ऐसे समय में सामने आई है, जब वैश्विक अर्थव्यवस्था कई प्रकार की चुनौतियों से जूझ रही है.पश्चिम एशिया में जारी युद्ध, आपूर्ति श्रृंखलाओं पर दबाव, पर्यटन क्षेत्र की सुस्ती और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अनिश्चितता का असर भारतीय सेवाओं की विदेशी मांग पर भी दिखाई दिया है. सर्वे में शामिल कंपनियों ने स्पष्ट रूप से माना कि अंतरराष्ट्रीय मांग अपेक्षाकृत कमजोर रही.इसका अर्थ यह है कि भारत की वर्तमान सेवा क्षेत्रीय मजबूती का मुख्य आधार घरेलू मांग और आंतरिक आर्थिक गतिविधियां हैं. दरअसल,यही भारतीय अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत भी बनकर उभर रही है.लंबे समय तक भारत को निर्यात आधारित अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में कमजोर माना जाता था, लेकिन अब देश का विशाल उपभोक्ता बाजार विकास का स्थायी आधार बनता दिखाई दे रहा है.भारत में बढ़ता मध्यम वर्ग, डिजिटल अर्थव्यवस्था का विस्तार और तेजी से बदलती उपभोग संस्कृति सेवा क्षेत्र को निरंतर गति दे रही है.
हालांकि तस्वीर पूरी तरह चिंता मुक्त नहीं है. कंपनियों ने खाद्य पदार्थों, गैस, श्रम लागत और गैस की कमी के कारण परिचालन खर्चों में उल्लेखनीय वृद्धि की बात कही है. मुद्रास्फीति की दर में कुछ कमी आने के बावजूद लागत का दबाव अभी भी ऊंचे स्तर पर बना हुआ है. इसका सीधा असर कंपनियों के लाभ, निवेश योजनाओं और रोजगार सृजन पर पड़ सकता है. यदि लागत में यह वृद्धि लंबे समय तक जारी रहती है, तो सेवा क्षेत्र की वर्तमान तेजी पर दबाव बन सकता है.
इसके बावजूद एचएसबीसी इंडिया समग्र पीएमआई उत्पादन सूचकांक का 58.2 तक पहुंचना यह दर्शाता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था अभी भी विस्तार के मजबूत चरण में है. यह संकेत निवेशकों के लिए भी सकारात्मक है, क्योंकि आर्थिक गतिविधियों में निरंतर वृद्धि निवेश वातावरण को स्थिरता प्रदान करती है.
असल प्रश्न अब यह है कि क्या भारत इस गति को लंबे समय तक बनाए रख पाएगा ? इसके लिए केवल मांग बढऩा पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि बुनियादी ढांचे, ऊर्जा आपूर्ति, लॉजिस्टिक्स दक्षता और कौशल विकास पर भी समान रूप से ध्यान देना होगा. वैश्विक अस्थिरता के इस दौर में भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि वह अपनी घरेलू आर्थिक ताकत को टिकाऊ विकास मॉडल में बदल सके. फिलहाल इतना स्पष्ट है कि सेवा क्षेत्र की यह तेजी भारतीय अर्थव्यवस्था के आत्मविश्वास का प्रतीक है. यह बताती है कि दुनिया की अनिश्चितताओं के बीच भी भारत की विकास यात्रा अभी थमी नहीं है.
