माॅस्को, 31 मई (वार्ता) वरिष्ठ रूसी अधिकारियों ने कहा है कि यूक्रेन में सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा जब तब संघर्ष के मूल कारणों का समाधान नहीं हो जाता और शांति समझौतों की औपचारिक पुष्टि नहीं हो जाती।
रूसी स्टेट ड्यूमा की रक्षा समिति के अध्यक्ष एंड्री कार्टापोलोव ने बिना शर्त युद्ध विराम की संभावना से इनकार करते हुए कहा,“हमारा देश तब तक अपना हमला जारी रखेगा जब तक कि चीजें ‘लिखित रूप में नहीं रखी जातीं।”
रूस के सरकारी मीडिया ताश (टीएएसएस) के अनुसार, देश की संघीय टीवी एजेंसी चैनल वन पर श्री कार्टापोलोव ने कहा, “हम केवल युद्ध विराम के लिए सहमत नहीं होंगे। जब सब कुछ लिखित रूप में रखा जाता है, कानून में पारित किया जाता है, संसदों द्वारा पुष्टि की जाती है, और एक वास्तविक, स्थायी समझौते का हिस्सा बन जाता है – तभी शांति पर विचार किया जा सकता है। तब तक, विशेष सैन्य अभियान जारी रहेगा”।
उन्होंने कहा कि रूस किसी भी ‘झूठे आश्वासन’ से विचलित नहीं होगा। उन्होंने पूर्व वार्ताओं में रूस से पश्चिम के ‘खोखले वादों’ का जिक्र करते हुए कहा,“ रूस ‘सुनहरे भ्रमों’ से फिर से धोखा नहीं खाएगा।”

