भोपाल, 07 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि पुलिस 24 घंटे समाज की सुरक्षा में तत्पर रहती है और पुलिस मीट जैसे आयोजनों से सभी के आपस में अनुभव साझा होते हैं।
डॉ यादव ने यहां कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ‘आईपीएस सर्विस मीट’ का दीप प्रज्ज्वलन कर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की सराहना की और कहा कि हमारी पुलिस 24 घंटे समाज की सुरक्षा में तत्पर है। आयोजन में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना समेत अन्य सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
डॉ यादव ने पुलिस मीट के संदर्भ में कहा कि ऐसी मीट से अलग-अलग स्थानों पर पदस्थ अधिकारियों का आपस में परिचय बढ़ता है। वरिष्ठों और कनिष्ठों के आपस में एक-दूसरे से अनुभव साझा होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आईपीएस मीट के दौरान अधिकारियों ने पुलिस से जुड़े कई मुद्दे सामने रखे हैं। ऐसे विषय भी सामने आए हैं, जिनसे अधिकारियों की कार्यकुशलता बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि सर्विस मीट में उन्होंने प्रदेश, संभाग और जिला स्तर पर थानों को पुरस्कार देने की घोषणा की है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि थानों में ग्रेडेशन होना चाहिए। थानों में जिस प्रकार की व्यवस्थाओं की सरकार ने कल्पना की थी, उन सभी की पूर्णता को लेकर ये प्रक्रिया होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने विषय रखा है, जिस पर पुलिस महानिदेशक ने औपचारिकताएं पूरी करने का आश्वासन दिया है।
