कोलंबो, 31 मई (वार्ता) श्रीलंका में खराब मौसम के कारण लगभग 6,000 लोग प्रभावित हुये हैं।
आपदा प्रबंधन केंद्र (डीएमसी) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार प्रतिकूल परिस्थितियों ने 1,579 परिवारों के 5,974 व्यक्तियों को प्रभावित किया है, जबकि 1,545 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इस बीच, श्रीलंका के सरकारी सीलोन इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (सीईबी) ने मानसून में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण शुक्रवार रात आठ बजे तक 50,000 से अधिक बार बिजली कटौती की सूचना दी है। मौसम विभाग ने शनिवार को चेतावनी दी कि अगले 24 घंटों तक भारी बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवायें चलने के आसार हैं। लोगों को गरज के साथ स्थानीय तेज हवाओं और बिजली गिरने से बचने के लिये सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है।
श्रीलंका की भौगोलीय स्थिति को देखते हुये इस तरह के खराब मौसम में ऐसी घटनाओं की आशंका अधिक रहती है।
गौरतलब है कि श्रीलंका में दक्षिण-पश्चिम मानसून (मई से सितंबर) और पूर्वोत्तर मानसून (दिसंबर से मार्च) दो मुख्य मानसून मौसम होते हैं। इन अवधियों में अक्सर भारी वर्षा, तेज़ हवायें चलती हैं और व्यापक बाढ़ और भूस्खलन होती रहती हैं, जिसके कारण बुनियादी ढाँचे को नुकसान पहुँचता है, परिवहन, मोबाइल संचार जैसे क्षेत्रों पर असर पड़ता है और बड़े पैमाने पर बिजली कटौती होती है।

