भिंड: भीषण गर्मी के बीच अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शहरवासी बिजली संकट से बेहाल हैं। बीते तीन दिनों से अघोषित बिजली कटौती ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई क्षेत्रों में मेंटनेंस के चलते घंटों तक बिजली गुल रहने से न केवल आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि बीमार और बुजुर्ग लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के जोशी नगर, गौघाट और अग्रवाल कॉलोनी जैसे इलाकों में ट्रांसफार्मरों के खराब होने और केबल जल जाने के कारण हालात और भी खराब हो गए हैं। जोशी नगर के स्थानीय नागरिकों ने बिजली सब स्टेशन पहुंचकर समस्या से अवगत कराया। इनकी शिकायत पर जेई ने मौके पर केबल भिजवाकर मरम्मत कार्य शुरू कराया। अब तक पूर्ण रूप से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
वहीं, गौघाट क्षेत्र में भी ट्रांसफार्मर खराब होने और केबल जलने से लोग परेशान हैं। वार्ड 17 के पार्षद किशन सोनी ने भी बिजली सब स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। अग्रवाल कॉलोनी में भी इसी प्रकार ट्रांसफार्मर के खराब होने से बिजली आपूर्ति बाधित है।
