
भोपाल। राजधानी के रेलवे स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व रेलवे मजिस्ट्रेट अनुराग खरे द्वारा किया गया, जिसमें उनके साथ डीसीटीआई सुनील वर्गीस, 13 टिकट चेकिंग स्टाफ, 6 आरपीएफ स्टाफ और 4 जीआरपी स्टाफ उपस्थित रहे। इस दौरान रेलवे स्टेशन परिसर एवं वहां स्थित स्टॉल्स का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा यात्रियों के टिकटों की जांच की गई, जिसमें कुल 80,935 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा रेलवे मजिस्ट्रेट द्वारा स्टॉल्स एवं स्टेशन परिसर में की गई अनियमितताओं के तहत विभिन्न धाराओं में 89 मामलों में कारवाई कर कुल 1,72,810 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार इस विशेष अभियान के दौरान कुल 2,53,745रुपए का जुर्माना वसूला गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि इस तरह के विशेष जांच अभियान समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं ताकि रेलवे परिसर को सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें और बिना टिकट यात्रा तथा अवैध गतिविधियों से बचें। रेल प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रखे जाएंगे ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके।
