
सीधी। कस्तूरबा बाई कन्या छात्रावास अमिलिया में वार्डन द्वारा पिटाई के चलते एक 12वीं कक्षा की छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। वार्डन उर्मिला पटेल ने छात्रा को उस समय पीटा जब उसने वार्डन के बच्चे के गाल को सहला दिया था, जिससे बच्चा रोने लगा। पिटाई के बाद छात्रा बेहोश हो गई, जिसे तत्काल हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाध्यापक कामता प्रसाद मिश्रा द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमिलिया में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद छात्रा की हालत सामान्य होने पर उसे छात्रावास वापस लाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन छात्रावास पहुंचे और आक्रोश जताया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर ने तहसीलदार परम सुख बंसल को जांच के लिए भेजा। तहसीलदार ने मौके पर पंचनामा तैयार कर छात्रा, वार्डन और अन्य छात्राओं के बयान दर्ज किए। छात्राओं ने बताया कि यह पहली बार था जब वार्डन ने हाथ उठाया। साथ ही भोजन व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें सामने आईं कि मीनू अनुसार भोजन नहीं मिलता है। फिलहाल छात्रा की तबीयत ठीक बताई जा रही है और मामले की जांच जारी है।
