गिल और सुदर्शन के अर्धशतक, गुजरात टाइटंस ने बनाये चार विकेट पर 229 रन

जयपुर, 09 मई (वार्ता) कप्तान शुभमन गिल (84) और साई सुदर्शन (55) शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर गुजरात टाइटंस ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 52वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चार विकेट पर 229 रनों का स्कोर खड़ा किया।

आज यहां राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस के लिए शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी ने आतिशी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 118 रन जोड़े। 11वें ओवर में यश पुंजा ने साई सुदर्शन को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। साई सुदर्शन ने 36 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 55 रन बनाये। इसके बाद 14वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने जॉस बटलर (13) को अपना शिकार बना लिया।

17वें ओवर में बृजेश शर्मा ने शुभमन गिल को आउट कर पवेलियन भेज दिया। शुभमन गिल ने 44 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 84 रनों की पारी खेली। इस दौरान गिल ने पहले अपनी टीम को शतकीय साझेदारी की शुरुआत दी और फिर अर्धशतक लगाकर एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शुभमन गिल ने 30 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह आईपीएल 2026 में उनका चौथा अर्धशतक था और इसके साथ ही उन्होंने इस सीजन 400 रन पूरे कर लिए। यह सातवीं बार है जब शुभमन गिल ने 400 से अधिक रन बनाए हैं। साल 2020 से गिल लगातार 400 से अधिक का स्कोर कर रहे हैं। इस मामले में उन्होंने एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 19वें ओवर में बृजेश शर्मा ने जेसन होल्डर (सात) को आउट कर मैच में अपना दूसरा विकेट लिया। गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। वॉशिंगटन सुंदर ने 20 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 37 रनों की पारी खेली। वहीं राहुल तेवतिया ने चार गेंदों में दो छक्कों की मदद से नाबाद 14 रन बनाये।

राजस्थान रॉयल्स के लिए बृजेश शर्मा ने दो विकेट लिये। यश पुजा और रवींद्र जडेजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

न कॉल,न ओटीपी...फिर भी खाते से उड़ गए लाखों

Sat May 9 , 2026
रतलाम। साइबर अपराधी अब ठगी के ऐसे नए तरीके अपना रहे हैं, जिनसे आम लोग ही नहीं बल्कि बैंक और पुलिस अधिकारी भी हैरान हैं। शहर में एक पटवारी के साथ हुई साइबर ठगी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह रही […]

You May Like