
मुंबई, 09 मई (वार्ता) निर्देशक भरत कृष्णमाचारी ने बताया है कि फिल्म स्वयंभू के लाइव-एक्शन की शूटिंग मुश्किल इलाकों और अनछुए जंगलों में असली लोकेशन्स पर की गई हैं। स्वयंभू अपने टीजर रिलीज के बाद से ही तेजी से निखिल सिद्धार्थ की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल हो गई है।एक मेगा प्रोजेक्ट होने के कारण फिल्म की शूटिंग मुश्किल इलाकों और अनछुए जंगलों में असली लोकेशन्स पर की गई। इस बारे में बात करते हुए निर्देशक भरत कृष्णमाचारी ने कहा, “लाइव-एक्शन हिस्सों के लिए हमने मारेडुमिल्ली के जंगलों को चुना, जो राजामुंद्री के पास आंध्र प्रदेश में है। यही वह इलाका है जहां पुष्पा के जंगल वाले सीक्वेंस शूट हुए थे। हालांकि हमने खास तौर पर ऐसी अनछुई जगहों को चुना, जहां पहले कभी शूटिंग नहीं हुई थी।”
निर्देशक ने कहा, “इन जगहों तक पहुंचना अपने आप में एक एडवेंचर था। हमें पहाड़ों की चोटी तक पहुंचने के लिए करीब 2 से 2.5 घंटे तक जीप से सफर करना पड़ता था। एक ऐसे ही शेड्यूल के दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई और हमारी टीम का एक हिस्सा पहाड़ पर बिना जरूरी सामान के लगभग एक-दो दिन तक फंसा रहा।”उन्होंने कहा, “दिलचस्प बात यह है कि उस खूबसूरत और अनछुई लोकेशन पर शूटिंग की इजाजत पाने वाली शुरुआती टीमों में हमारी टीम भी शामिल थी।” स्वयंभू को भुवन और श्रीकर ने पिक्सल स्टूडियोज के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। भारत के समृद्ध इतिहास और शाश्वत गौरव को समर्पित एक भव्य प्रस्तुति के रूप में बनाई गई यह फिल्म समर 2026 में दुनियाभर में रिलीज होने जा रही है।
