नयी दिल्ली, 09 मई (वार्ता) ओलंपियन अनीश भनवाला ने रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हुए यहां डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।अनीश ने फाइनल में 31 का स्कोर बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। मध्य प्रदेश के सूरज शर्मा ने 28 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता, जबकि पंजाब के विजयवीर सिद्धू ने शूट-ऑफ के बाद 25 के स्कोर के साथ कांस्य पदक हासिल किया। उत्तराखंड के अंकुर गोयल 20 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहे।राजस्थान के भावेश शेखावत 17 के साथ पांचवें, नौसेना के ओंकार सिंह 11 के साथ छठे, हरियाणा के गौरव गुप्ता 7 के साथ सातवें और दिल्ली के हर्ष गुप्ता 6 के साथ आठवें स्थान पर रहे।
क्वालिफिकेशन में अंकुर गोयल ने 583-23x के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। सूरज शर्मा भी 583 के स्कोर पर रहे, लेकिन 14 इनर-10 के कारण दूसरे स्थान पर रहे। अनीश 582 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि हर्ष गुप्ता 581 के साथ चौथे स्थान पर रहे। विजयवीर सिद्धू ने 580 के साथ पांचवां, ओंकार सिंह ने 578 के साथ छठा, भावेश शेखावत ने 577 के साथ सातवां और गौरव गुप्ता ने भी 577 के स्कोर के साथ आठवां एवं अंतिम क्वालिफिकेशन स्थान हासिल किया। 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल जूनियर पुरुष मध्य प्रदेश के सूरज शर्मा ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल जूनियर पुरुष फाइनल में 28 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा के समीर गुलिया ने 27 के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि चंडीगढ़ के यूनिश होलिंदर ने 20 के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। राजस्थान के अभिनव चौधरी 17 के साथ चौथे स्थान पर रहे। पश्चिम बंगाल के साग्निक बनर्जी 11 के साथ पांचवें, आंध्र प्रदेश के मुकेश नेलावल्ली 7 के साथ छठे, बीएसएफ के चंद्र राज 6 के साथ सातवें और दिल्ली के आदित्य वर्मा 4 के साथ आठवें स्थान पर रहे। क्वालिफिकेशन में सूरज शर्मा ने 583-14x के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। अभिनव चौधरी 580 के साथ दूसरे, मुकेश नेलावल्ली 574 के साथ तीसरे और समीर गुलिया 569 के साथ चौथे स्थान पर रहे। साग्निक बनर्जी और चंद्र राज दोनों ने 567 का स्कोर किया। यूनिश होलिंदर 566 के साथ सातवें और आदित्य वर्मा 565 के साथ आठवें स्थान पर क्वालिफाई किए।

