सबसे ठंडा रहा चित्रकूट, रीवा में सबसे घना कोहरा

सतना :वैसे पिछले महीने भर से ही न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे गिरता चला आ रहा है. लेकिन अब दिन के पारे में आ रही कमी ने कड़ाके की ठंड के संकेत देने शुरु कर दिए हैं. आलम रहा कि एक ओर जहां जिले का चित्रकूट क्षेत्र राज्य में सबसे ठंडा पाया गया वहीं दूसरी ओर रीवा में घने कोहरे के चलते दृश्यता प्रदेश भर में सबसे कम आंकी गई.मौसम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात सतना जिले के चित्रकूट क्षेत्र में न्यूनतम तापमान गोता लगाते हुए 5.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया.

इस लिहाज से चित्रकूट क्षेत्र राज्य भर में सबसे ठंडा पाया गया. इसी कड़ी में देखा जाए तो कड़ाके की ठंड के साथ-साथ अब विंध्य में कोहरे ने भी दस्तक दे दी. जिसके चलते धूप काफी हद तक धुंधली हो गई. नतीजतन विंध्य के सभी स्थानों पर दिन के अधिकतम तापमान में कमी देखने को मिली. इसके साथ ही मध्यम गति की हवाओं ने हाड़ कंपाऊ जाड़े का एहसास कराना शुरु कर दिया. यदि पिछले 23 घंटे में अधिकतम तापमान के गिरने की बात की जाए तो विंध्य के सतना में सबसे अधिक 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. जिसके बाद सीधी में 1.2 और रीवा में 1 डिग्री की कमी दर्ज की गई.

इसी कड़ी में देखा जाए तो सामान्य अधिकतम तापमान की तुलना में विंध्य के सतना में सबसे अधिक 2.3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई. जबकि सामान्य की तुलना में रीवा में 2 डिग्री और सीधी में 1.6 डिग्री की कमी दर्ज की गई. वहीं सामान्य न्यूनतम तापमान से तुलना की जाए तो सतना में 0.3 डिग्री की कमी दर्ज हुई. जबकि रीवा में 0.8 डिग्री और सीधी में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी देखने को मिली. मौसम विभाग के अनुसार विंध्य में कोहरे की स्थिति सोमवार को भी यथावत रहने की प्रबल संभावना बनी हुई है. जिसके बाद मंगलवार से कोहरे की स्थिति में सुधार होने की संभावना बनने लगेगी.
50 मीटर से भी कम दृश्यता
राज्य भर में सबसे अधिक घना कोहरा रीवा जिले में छाया रहा. जहां की दृश्यता की स्थिति 50 मीटर से भी नीचे चली गई. यानी कोहरे में लोगों को 50 मीटर से कम दूरी तक का दृश्य ही दिखाई पड़ रहा था. इस लिहाज से देखा जाए तो घने कोहरे से दृश्यता प्रभावित होने के मामले में रीवा जिला राज्य भर में अव्वल पाया गया. हलांकि घने कोहरे का असर समूचे विंध्य में देखने को मिला. लेकिन सतना और सीधी जिले में शैलो फॉग की स्थिति पाई गई. दोनों ही जिलों में कोहरे के चलते दृश्यता घटकर महज 500 से लेकर 1000 मीटर तक सिमट गई. कोहरे के असर के चलते धूप भी काफी हद तक धुंधली हो गई.

Next Post

व्यंकट 1 में मार्गदर्शक कार्यक्रम आयोजित

Mon Dec 15 , 2025
सतना: शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वेंकट क्रमांक–1, सतना में कॉलेज चलो अभियान 2026–27 के अंतर्गत एक मार्गदर्शक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में रसायन विज्ञान के सहायक प्राध्यापक डॉ. मनीष प्रताप सिंह तथा जंतु विज्ञान के सहायक प्राध्यापक हर्षित कुमार सोनी ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को शासकीय कॉलेजों […]

You May Like