
उज्जैन। 2 साल से आर्मी की तैयारी कर रहे युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत को गले लगाने से पहले उसने स्टेटस पर बाय-बाय लिखा और कहा कि भूल मत जाना याद रखना। शनिवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में युवक का पोस्टमार्टम कराया गया। सोयत के दीवान खेड़ी में रहने वाला विजय पिता बजरंग सिंह चंद्रावत 19 वर्ष पिछले 2 साल से मक्सी रोड गणेशपुरा में किराए का मकान लेकर आर्मी में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। उसके साथ मनीष पवार और ओमप्रकाश भी रहते थे। शुक्रवार शाम को दोनों साथी कोचिंग चले गए थे। देर शाम को वापस लौटे तो उन्होंने विजय चंद्रावत को फंदे पर लटका पाया। मामले की जानकारी लगते ही माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी विजय को फंदे से उतर कर अस्पताल लाया गया। पुलिस ने उसका मोबाइल जप्त किया तो सामने आया कि उसने स्टेटस पर बाय-बाय लिखा था। यही नहीं पिता भाई और अंकल के मोबाइल नंबर भी लिखे थे उसके बाद आखिरी में भूल मत जाना याद रखना लिखा हुआ था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी देर रात परिजन उज्जैन पहुंच गए थे। सुबह विजय का पोस्टमार्टम कराया गया लेकिन स्पष्ट नहीं हो सका की उसने फांसी लगाकर आत्महत्या क्यों की है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच और उसके साथ रहने वाले साथियों के बयान दर्ज करने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।
