अंकारा,05 फरवरी (वार्ता) तुर्की के गृहमंत्री अली येरलिकाया ने बुधवार को बताया कि देश में पिछले एक सप्ताह में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के 164 संदिग्ध सदस्यों को हिरासत में लिया गया है।
मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि ‘गुर्ज़-44’ नामक यह अभियान इस्तांबुल सहित 21 प्रांतों में चलाया गया।
मंत्री ने कहा कि अधिकारियों ने पाया कि संदिग्ध आईएस अभियानों में सक्रिय रूप से शामिल थे और उन्होंने समूह को वित्तीय सहायता प्रदान की थी।
श्री येरलिकाया ने कहा कि सुरक्षा बलों ने छापेमारी के दौरान पिस्तौल और राइफल सहित बिना लाइसेंस वाले आग्नेयास्त्र और बड़ी मात्रा में डिजिटल सामग्री जब्त की।
उन्होंने कहा,“ हमारी सामाजिक एकजुटता और साझा मूल्य आतंकवाद के प्रसार के खिलाफ सबसे प्रभावी रक्षा तंत्रों में से हैं। हम सामूहिक संघर्ष के माध्यम से अपने देश से आतंकवाद को खत्म करने के लिए दृढ़ हैं।”
तुर्की ने 2013 में आईएस को आतंकवादी संगठन घोषित किया था और देश में हुए कई घातक हमलों के लिए इसे जिम्मेदार ठहराया था। तुर्की ने इसके सदस्यों और गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए देश और विदेश में आतंकवाद विरोधी अभियान चलाए हैं।
