हरियाणा : अवैध हथियार तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 58 आरोपी गिरफ्तार

सोनीपत, (वार्ता) हरियाणा के सोनीपत में पुलिस ने एक से 15 जून तक चलाये गये विशेष अभियान के दौरान अवैध हथियारों की तस्करी एवं कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 58 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 47 मामले दर्ज किये गये तथा आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किये गये।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 46 देसी पिस्तौल, एक रिवॉल्वर, दो मैगजीन और 102 जिंदा कारतूस बरामद किये गये। अवैध हथियारों के नेटवर्क को ध्वस्त करने और इनके स्रोतों का पता लगाने के लिए गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी (अपराध) नरेंद्र कादयान ने बताया कि जांच के दौरान अवैध हथियारों की आपूर्ति शृंखला और आपराधिक गतिविधियों में इनके संभावित इस्तेमाल से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार 58 आरोपियों में से 14 आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, छीना-झपटी तथा शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन जैसे गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने, बेचने या उनका इस्तेमाल करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध और अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध हथियारों के निर्माण, खरीद-फरोख्त या तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

 

 

 

Next Post

महावीर नगर में आक्रोश, व्यवस्था पर उठा रहे सवाल

Thu Jun 18 , 2026
इंदौर: महावीर नगर में बोरिंग के पानी में गंदगी मिलने और लोगों के बीमार पड़ने की शिकायतों ने नगर निगम की जलापूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि निगम को एहतियातन बोरिंग बंद करनी पड़ी और रहवासियों को टैंकरों के भरोसे छोड़ना पड़ा. […]

You May Like