देवरिया, 26 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि सरयू नदी में जल परिवहन शुरू हो जाने से बरहज का विकास होगा। माल ढुलाई सस्ती होगी तथा व्यापार भी बढ़ेगा।
देवरिया जिले बरहज विधानसभा के बरांव में 456 करोड़ रूपये की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बरहज एक ऐतिहासिक कस्बा है जो अपने व्यापार के लिए जाना जाता था। जल परिवहन शुरू हो जाने से यहां से जलमार्ग से अयोध्या, गोरखपुर, पटना तक कनेक्टिविटी मिलेगी। किसानों का अनाज, व्यापारी का सामान आसानी से आया-जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश को डबल इंजन का फायदा मिल रहा है और इसी का परिणाम है कि केंद्र की जलमार्ग योजना और उत्तर प्रदेश सरकार मिलकर सरयू को नेशनल वाटरवे से जोड़ रही है। इससे देवरिया जिले के बरहज, रुद्रपुर इलाके का कायाकल्प होगा।
श्री योगी ने कहा कि बरहज सरयू नदी के किनारे है। सालों से लोगों की मांग थी कि यहां जेटी बने। उन्होंने जनसभा में घोषणा किया कि सरयू को एन डब्ल्यू -40 नेशनल वाटरवे में शामिल किया गया है। इस सम्बन्ध में नगरपालिका परिषद बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने मुख्यमंत्री श्री योगी की जनसभा समाप्त होने के बाद बरांव में यूनीवार्ता से कहा कि जल परिवहन शुरू हो जाने से देवरिया जिले पुराना व्यापारिक केंद्र रहा बरहज का व्यवहार के दृष्टिकोण से पुराना गौरव पुनः स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि पहले बरहज से पानी के जहाजों से व्यापार होते थे और पानी के जहाजों से यहां से नील ढाका भेजे जाते थे तथा ढाका से मलमल के कपड़े यहां आते थे।
