
बैतूल। मलकापुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर रात एक अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक ने कथित तौर पर चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार मदुरै–कानपुर सेंट्रल स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 01928) मलकापुर स्टेशन से गुजर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म क्रमांक एक के पास किलोमीटर 858/3 से 858/1 के बीच अचानक एक युवक पटरी पर आ गया। ट्रेन चालक ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है।
मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवक ने काले रंग की हाफ शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। उसकी पहचान के लिए पुलिस को कुछ विशेष निशान मिले हैं। मृतक के बाएं हाथ पर अंग्रेजी में एमएस अक्षर गुदा हुआ है, जबकि दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में पीले रंग की अंगूठी पाई गई है।
पुलिस ने आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी सूचना भेजी जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान होने के बाद ही घटना के पीछे के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
