सीहोर। आपसी रंजिश और नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान हार्वस्टर चालकों ने अपने ही साथी की हत्या कर पंजाब चले गए. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया.
जानकारी के अनुसार 6 अक्टूबर 25 को आष्टा निवासी रवि वर्मा ने पुलिस को सूचना दी कि पेट्रोल पंप के पीछे मयूर झाला के खाली मकान के पास हकीमपुर खोयरा में एक व्यक्ति की लाश पड़ी है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर मर्ग कायम कर अज्ञात मृतक की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के आसपास व्यक्तियों से पूछताछ की तो खड़ी निवासी हार्वेस्टर एजेन्ट अनिल ठाकुर ने मृतक के शर्ट से अज्ञात मृत शरीर की कुछ पहचान हार्वेस्टर वाले मिट्टू सिंह के रूप में की. मृतक की पहचान के लिए मिट्टू सिंह के परिजनों से अज्ञात मृतक का डीएनए परीक्षण कराया गया जो डीएनए मैच होना पाया गया.
मृतक आखरी बार हकीमपुर खोयरा के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास अपने दो साथियों के साथ दिखा था जिन पर संदेह होने पर मृतक के परिजनों द्वारा उक्त दोनों व्यक्तियों की पहचान दिलप्रीत उर्फ दिलबर पिता कुलदीप एवं उसका साथी हेल्पर परमजीत उर्फ पम्मा पिता फौजा सिंह करिकलां गांव फिरोजपुर पंजाब के नाम से की गई. दोनों व्यक्ति 17 सितंबर से ही फरार थे. आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम पंजाब रवाना हुईऔर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार एवं हार्वेस्टर मशीन जब्त की गई. आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया.
