इंदौर: त्योहारों के बीच शहर व ग्रामीण इलाकों में चोरों ने फिर दस्तक दी है. बीती रात अलग-अलग इलाकों में तीन वारदातों में लाखों के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी होने के मामले सामने आए हैं. पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना चंदननगर क्षेत्र के ग्राम कलारिया में रहने वाले 27 वर्षीय सुनिल गेहलोत के घर देर रात चोरी की वारदात हुई.
सुनिल ने पुलिस को बताया कि कोई अज्ञात बदमाश पड़ोसी मकान की छत से चढ़कर उनके घर में घुस आया और कमरे की अलमारी खोलकर उसमें रखे दो जोड़ी सोने की झुमकी, एक बच्चे की चैन, फुल नेकलेस, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी चांदी की पायल और एक चांदी की हाथ की चैन चुरा ले गया. उधर सांवेर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचडेरिया में एक ही रात दो मकानों में चोरी की वारदातें हुईं.
पहले मामले में 35 वर्षीय लखन कुशवाह निवासी सिग्नेचर पार्क कॉलोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कोई अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की चैन, दो चांदी की पायलें और लगभग 10 हजार रुपए नगद से भरे दो गुल्लक ले गया. दूसरी वारदात में 28 वर्षीय पूजा परमार चौधरी निवासी श्रीकृष्णा एन्क्लेव कॉलोनी, पंचडेरिया ने बताया कि उनके घर का नकूचा तोड़कर चोर चांदी के कड़े, कमरकदोना, पायल और 50 हजार रुपए नकद चुरा ले गए. सांवेर और चंदननगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज जुटाना शुरू किया है. पुलिस को शक है कि दोनों इलाकों की वारदातें किसी संगठित गैंग द्वारा की गई हैं, जो त्यौहारों पर बंद घरों को निशाना बना रहे हैं.
