
टोंकखुर्द। सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने टोंकखुर्द बाइपास सड़क का निर्माण कराने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने बायपास रोड बनाने की मांग की है। पत्र में सांसद ने टोंकखुर्द बायपास रोड को आम लोगों के लिए अत्यंत जरूरी करार दिया है। साथ ही यातायात जाम और इस इलाके में होने वाली दुर्घटनाओ के संबंध में मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भेजे गए पत्र में सांसद सोलंकी ने देवास लोकसभा क्षेत्र के सोनकच्छ विधानसभा के नगर टोंकखुर्द और ग्रामीण के नागरिकों की समस्याओं को सामने लाया है। उन्होंने लिखा है कि टोंकखुर्द में बायपास रोड का निर्माण नहीं होने के कारण वर्तमान में विभिन्न प्रकार के भारी एवं हल्के वाहनों का आवागमन नगर के मुख्य मार्गों से ही होता है। इसके परिणामस्वरूप लगर में यातायात का दबाव निरंतर बना रहता है तथा आम नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ता है। नगर के लिए प्रस्तावित 7.50 किलोमीटर लंबाई के बायपास रोड का निर्माण होने से भारी एवं अन्य वाहनों को नगर के मुख्य मार्गों से बाहर वैकटिपक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। जनहित के दृष्टिगत उक्त 7.50 किलोमीटर बायपास रोड के निर्माण कार्य हेतु आवश्यक राशि स्वीकृत करने तथा कार्य को शीघ्र स्वीकृत किए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान करने का निवेदन किया है।
सांसद ने कहा कि बायपास नहीं बनने के कारण नगर में भारी संख्या में वाहनों की निरंतर एवं तेज गति से आवाजाही के कारण आएदिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इनमें अब तक कम से कम 10 लोगों की मृत्यु भी हो चुकी है। क्षेत्रीय नागरिकों, विद्यार्थियों और आसपास के शैक्षणिक संस्थाओं की सुरक्षा को देखते हुए बायपास रोड का निर्माण कराया जाना अत्यंत जरूरी है।
