इंदौर: कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में रविवार को देश का पहला 14-डी वर्चुअल जंगल सफारी थिएटर शुरू हो गया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तोते उड़ाकर थिएटर का लोकार्पण किया. खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री औपचारिक उद्घाटन तक सीमित नहीं रहे, बल्कि बच्चों के बीच बैठकर पूरी फिल्म का रोमांच भी महसूस किया. उनके साथ मौजूद बच्चों के लिए यह अनुभव फिल्म से ज्यादा यादगार मुख्यमंत्री के साथ बैठना रहा.
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 14-डी थिएटर में वर्चुअल जंगल का अनुभव बिल्कुल पास होने जैसा है. ट्रेन की रफ्तार, दृश्य और सीटों की हलचल ने रोमांच को वास्तविक बना दिया. उन्होंने कहा कि यह तकनीक इंदौर जू को आधुनिक पर्यटन के नए आकर्षण के रूप में पहचान दिलाएगी.
जंगल से प्रागैतिहासिक दुनिया तक सफर
करीब 20 मिनट के शो में दर्शकों को आधुनिक जंगल से लेकर प्रागैतिहासिक दुनिया तक का सफर कराया जाएगा. डाइमेंशनल चश्मे और मूविंग सीटों के कारण दर्शकों को ऐसा अनुभव होगा, मानो जंगली जानवर उनके आसपास घूम रहे हों. थिएटर में विशाल गोरिल्ला के मुख से प्रवेश के बाद ग्लो गार्डन, भूल-भुलैया, मिरर ब्रिज पर होलोग्राम, 14-डी वाइल्डलाइफ इमर्सिव सफारी और 360 डिग्री डोम शो आकर्षण का केंद्र होंगे.
विदेश में देखा, अब इंदौर में मिला अनुभव
इंदौर आए ट्विन्स अबीर और कबीर ने बताया कि उन्होंने सिंगापुर में 14-डी शो देखा था. इंदौर में ऐसा थिएटर शुरू होने की जानकारी मिलने पर वे माता-पिता के साथ पहुंचे. हालांकि रविवार को उद्घाटन के कारण नियमित शो शुरू नहीं हुआ, इसलिए दोनों मंगलवार को फिर आने की तैयारी में हैं. उनका कहना था कि अब इसी अनुभव के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
इंदौर के सुमित वाधवानी ने कहा कि जिस तकनीक को उन्होंने विदेश में देखा था, उसका इंदौर में आना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इंदौर जू में 14-ष्ठ थिएटर और वर्चुअल 360 डिग्री डोम जैसी सुविधा शहर के पर्यटन को नई पहचान देगी।
बच्चों के लिए सीएम के साथ बैठना सबसे बड़ा रोमांच
इंदौर पब्लिक स्कूल के करीब 50 बच्चों के साथ पहुंचे शौर्य ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री का उनके बीच बैठकर फिल्म देखना उनके लिए अलग ही अनुभव था. उन्होंने कहा कि 14-डी फिल्म रोमांचकारी थी, लेकिन मुख्यमंत्री के साथ बैठकर उसे देखना उससे भी ज्यादा खास रहा.
मुख्यमंत्री के लिए पेंटिंग बनाई
जीवन शाला विसर्जन आश्रम के करीब 20 वंचित बच्चों के लिए भी दिन खास रहा. समन्वयक गुप्ता और श्वेता गुप्ता ने बताया कि बच्चों ने मुख्यमंत्री के लिए पेंटिंग बनाई थी, जिस पर उन्होंने ऑटोग्राफ भी दिए. उन्होंने कहा कि जिन बच्चों के लिए ऐसे आधुनिक थिएटर तक पहुंच आसान नहीं थी, उन्हें मुख्यमंत्री के साथ 14-डी फिल्म देखने का अवसर मिला. इसमें मुख्यमंत्री और चिड़ियाघर प्रभारी उत्तम यादव के प्रयास महत्वपूर्ण रहे.
?70 में मिलेगा 20 मिनट का रोमांच
वर्चुअल जंगल सफारी मंगलवार से रविवार, सुबह 10 से शाम 6 बजे तक चलेगी। रोजाना 20-20 मिनट के 16 शो होंगे। शुरुआती टिकट दर ?70 प्रति व्यक्ति रखी गई है। सोमवार को अवकाश रहेगा।
इंदौर जू में शुरू हुआ यह थिएटर अब सिर्फ वन्यजीव देखने की जगह नहीं, बल्कि जंगल को महसूस करने वाले नए अनुभव का केंद्र बनने जा रहा है।
