दतिया: राजघाट स्थित शासकीय क्वार्टरों को खाली कराने के लिए प्रशासनिक अमला फिर मौके पर पहुंचा। तहसीलदार अजय झा और एसडीओपी आकांक्षा जैन के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। प्रशासन ने अजय शर्मा, कैलाश नारायण तिवारी, अमित कुमार शर्मा और सुरेंद्र कुमार शर्मा से जुड़े शासकीय आवास खाली कराए। कार्रवाई के दौरान तीन क्वार्टरों पर ताले भी लगाए गए।
इन पांच आवासों का पूर्व आवंटन नियमों के अनुरूप नहीं होने के कारण निरस्त किया गया था। कार्रवाई के दौरान कुछ क्वार्टर पहले से खाली मिले, जबकि कुछ में रह रहे लोगों ने अपना सामान बाहर निकाल लिया। इसके बाद प्रशासन ने संबंधित आवासों पर अपना कब्जा ले लिया। एक क्वार्टर के अंदर कुत्ते मिलने से कार्रवाई के दौरान कुछ देर मौके पर हलचल की स्थिति भी बनी रही। प्रशासन राजघाट क्षेत्र के 15 अन्य शासकीय क्वार्टर भी खाली करा चुका है। इनमें कुछ क्वार्टरों पर भाजपा नेताओं के कब्जे की बात सामने आई थी। दो आवास एच-30 और जी-25 पहले ही खाली कराए जा चुके हैं और पांच निरस्त आवंटनों पर कार्रवाई की जा रही है।
