
जबलपुर। सेंट्रल जेल में पदस्थ प्रहरी के क्वार्टर में घुसकर एक अज्ञात महिला ने लाखों के जेवरात और नकदी पार कर दी। सिविल लाइन पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सेंट्रल जेल लाइन क्वार्टर नंबर 03 निवासी महेंद्र प्रसाद तिवारी ने सेंट्रल जेल जबलपुर में प्रमुख मुख्य प्रहरी के पद पर पदस्थ हैं। सुबह करीब 5:30 बजे वे रोजाना की तरह तैयार होकर अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। उन्होंने बाहर का दरवाजा तो बंद किया था, लेकिन उस पर सांकल नहीं लगाई थी। उस समय घर के अंदर उनका बेटा धीरज कुमार तिवारी, बहू पूनम तिवारी और नाती धैर्य सो रहे थे। सुबह करीब 9:30 बजे जब महेंद्र प्रसाद तिवारी ड्यूटी खत्म कर वापस लौटे, तो घर में हडक़ंप मचा हुआ था। बहू पूनम और बेटे धीरज ने बताया कि दीवार पर टंगे पीले और काले रंग के दो रेग्जीन के लेडीज पर्स गायब हैं। पूरे घर, अलमारी और दीवान पलंग की तलाशी ली गई, लेकिन पर्स नहीं मिले। चोरी गए पर्सों में सोने का एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी की बिछिया, 2000 रुपये नकद, यूनियन बैंक का एटीएम कार्ड और बेटे धीरज की एचडीएफसी बैंक की चेक बुक रखी हुई थी। चोरी गए।
इंद्रा मार्केट की तरफ भागती दिखी चेहरा बांधे महिला-
चोरी की भनक लगते ही मुख्य प्रहरी महेंद्र तिवारी तुरंत बाहर भागे और राहगीरों व पड़ोसियों से पूछताछ की। इस दौरान चश्मदीदों ने बताया कि एक अज्ञात महिला, जो काले रंग का पेंट और सफेद रंग की कुर्ती पहने हुए थी और जिसने अपना चेहरा कपड़े से पूरी तरह बांध रखा था, क्वार्टर से पीला पर्स हाथ में लेकर इंद्रा मार्केट की तरफ तेजी से भागती हुई देखी गई है। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
