लू के चलते नैनीताल, चंपावत में स्कूलों के समय में किया गया बदलाव

नैनीताल, 21 मई (वार्ता) उत्तराखंड में भीषण गर्मी और लू के मद्देनजर कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। नैनीताल और चम्पावत जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों को अर्द्धदिवसीय संचालित करने के आदेश जारी किए हैं। इससे पहले ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन भी जिले में स्कूलों के समय में बदलाव संबंधी आदेश जारी कर चुका है।

नैनीताल में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने गुरुवार को यह आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग विकासखंड के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कल से अग्रिम आदेशों तक नई समयसारिणी लागू रहेगी। पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यालय इस व्यवस्था से बाहर रखे गए हैं। नई व्यवस्था के तहत प्रार्थना सभा सुबह 6:45 बजे होगी, जबकि विद्यालयों का संचालन सुबह सात बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक किया जाएगा।

वहीं चम्पावत जिले में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी ग्रीष्मावकाश वाले विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को आगामी एक सप्ताह तक अर्द्धदिवसीय संचालित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार कल से कक्षा एक से 12 तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्र सुबह सात बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक संचालित होंगे।

प्रशासन का कहना है कि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर की संभावना जताई गई है। लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं से बच्चों में डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए एहतियात के तौर पर यह निर्णय लिया गया है।

चम्पावत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शीतावकाश वाले विद्यालय पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित होते रहेंगे। साथ ही सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Next Post

पारले इंडस्ट्रीज का शेयर दो दिन में 10 प्रतिशत चढ़ा

Thu May 21 , 2026
मुंबई, 21 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की उनकी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी का ‘मेलोडी’ वीडियो सामने आने के बाद दो दिन में पारले इंडस्ट्रीज का शेयर 10 प्रतिशत उछल चुका है। पारले इंडस्ट्रीज का शेयर 19 मई को पांच रुपये पर बंद हुआ था। यह बुधवार को 5.25 […]

You May Like