
इंदौर. कनाड़िया क्षेत्र की करीब 500 करोड़ रुपए कीमत वाली 17 एकड़ जमीन को लेकर हुए विवाद की जांच अब जमीन मालिकों और कंपनी प्रबंधन तक पहुंच गई है. मंगलवार को पुलिस ने भाजपा नेता एवं संयम इंफ्रा से जुड़े कारोबारी पंकज संघवी को नोटिस देकर थाने बुलाया, जबकि उनके भतीजे और कंपनी के पार्टनर प्रतीक संघवी से देर शाम तक पूछताछ की गई. पुलिस विवाद के दौरान मौके पर पहुंचे लोगों की भूमिका और उनके पीछे किसका इशारा था, इसकी पड़ताल कर रही है.
करीब एक सप्ताह पहले डायमंड पैलेस कॉलोनी स्थित इस जमीन पर संयम इंफ्रा से जुड़े लोगों और स्थानीय रहवासियों के बीच विवाद हो गया था. सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी विजय सिकरवार और आशीष शर्मा से भी कथित तौर पर मोहसीन और उसके साथियों ने विवाद किया था. इस मामले में पुलिस ने दो दिन बाद प्रकरण दर्ज किया और बाद में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी की संरचना और दस्तावेजों की भी पड़ताल शुरू की है. सूत्रों के मुताबिक संयम इंफ्रा में पंकज संघवी, प्रतीक संघवी, दीपक और आशीष पार्टनर हैं. कंपनी के दस्तावेजों पर मुख्य रूप से प्रतीक संघवी के हस्ताक्षर होने के कारण उनसे विस्तृत पूछताछ की गई. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाद के समय मौके पर पहुंचे लोगों को किसने बुलाया था और पूरी घटना की योजना किस स्तर पर बनी.
मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि जांच अभी जारी है. फिलहाल पंकज संघवी या प्रतीक संघवी के खिलाफ किसी कार्रवाई का निर्णय नहीं लिया गया है.
ज्ञात हो कि डायमंड पैलेस कॉलोनी की यह जमीन लंबे समय से विवादों में रही है. कथित अवैध कब्जों और निर्माण को लेकर रहवासियों तथा संघवी परिवार के बीच विवाद न्यायालय तक पहुंच चुका है. अब हालिया घटनाक्रम के बाद पुलिस पूरे मामले की हर कड़ी जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है.
