
सिंगरौली। सरई थाना क्षेत्र के ग्राम महुआ में हुई चोरी की वारदात का अब तक खुलासा नहीं होने से पीड़ित परिवार में नाराजगी है। महुआ निवासी गिरजा प्रसाद पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। उनका आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की जांच आगे नहीं बढ़ सकी, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
पीड़ित के अनुसार, 19 जून की रात वह अपनी पत्नी के साथ एक विवाह समारोह में गए थे। लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा और पेटी का ताला टूटा मिला। चोर करीब 65 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई। अगले दिन पुलिस और डॉग स्क्वॉड ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन इसके बाद जांच की रफ्तार धीमी पड़ गई।
पीड़ित का आरोप है कि निवास पुलिस चौकी की लापरवाही के कारण मामले में अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी। हालांकि पुलिस की ओर से इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।
