भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने बजट 2026-27 में नारी कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लिए 1,27,555 करोड़ का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि यह राशि केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की हर बेटी और बहन के सशक्त भविष्य का संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं को और प्रभावी बनाने के लिए यह बजट प्रावधान किया गया है।डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह बजट उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
