पारले इंडस्ट्रीज का शेयर दो दिन में 10 प्रतिशत चढ़ा

मुंबई, 21 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की उनकी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी का ‘मेलोडी’ वीडियो सामने आने के बाद दो दिन में पारले इंडस्ट्रीज का शेयर 10 प्रतिशत उछल चुका है।

पारले इंडस्ट्रीज का शेयर 19 मई को पांच रुपये पर बंद हुआ था। यह बुधवार को 5.25 रुपये पर और गुरुवार को 5.51 रुपये पर बंद हुआ।

इटली की प्रधानमंत्री द्वारा शेयर किये गये वीडियो में श्री मोदी उन्हें जो उपहार दे रहे हैं वह पारले प्रोडक्टस कंपनी है, लेकिन उसका फायदा शेयर बाजार में सूचीबद्ध पारले इंडस्ट्रीज को मिल रहा है। हाउस ऑफ पारले प्रोडक्ट्स के नाम से 1928 में स्थापित कंपनी से ही भाइयों के बीच बंटवारे के कारण पारले इंडस्ट्रीज अलग हुई थी।

उधर गैर-सूचीबद्ध कंपनी पारले प्रोडक्ट्स ने भी बताया है कि वह मेलोडी टॉफी का उत्पादन बढ़ा रही है। ‘मेलोडी’ वीडियो के बाद देश और विदेश में इस टॉफी की मांग बढ़ने की उम्मीद है।

दरअसल, पिछले कुछ समय से जब भी सुश्री मेलोनी श्री मोदी के साथ अपनी तस्वीर या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करती हैं तो वह इसके साथ हैशटैग “मेलोडी” लगाती हैं जो दोनों नेताओं के नामों को मिलाकर बना है। उन्होंने पहली बार 01 दिसंबर 2023 के एक पोस्ट में इस हैशटैग का इस्तेमाल किया था।

इस सप्ताह चार अन्य देशों के साथ इटली की यात्रा पर गये श्री मोदी ने इसे हल्का-फुल्का रंग देते हुए उन्हें पारले प्रोडक्ट्स की मेलोडी टॉफी उपहार में दी थी।

 

Next Post

भीषण गर्मी और लू की चपेट में उत्तर प्रदेश,बांदा @ 47.6

Thu May 21 , 2026
लखनऊ, 21 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर […]

You May Like