भीषण गर्मी और लू की चपेट में उत्तर प्रदेश,बांदा @ 47.6

लखनऊ, 21 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर भीषण लू (सीवियर हीटवेव) तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है। लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को भी आसमान साफ रहने तथा अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बांदा में 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 46.6 डिग्री, वाराणसी बीएचयू में 45.6 डिग्री, सुलतानपुर में 45.2 डिग्री, हमीरपुर में 45.2 डिग्री, फरसतगंज में 45.1 डिग्री, उरई में 45 डिग्री तथा झांसी और आगरा में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

वाराणसी एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री, कानपुर एयरफोर्स स्टेशन पर 44.2 डिग्री तथा चुरक में भी 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गाजीपुर में 44 डिग्री, मेरठ में 44 डिग्री, मऊ-आजमगढ़ क्षेत्र में 43 से 44 डिग्री के बीच तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में दिन के समय कई स्थानों पर हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज धूलभरी हवाएं 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म रात (वार्म नाइट) की स्थिति भी बनी रह सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा तथा अगले 24 घंटे तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने लोगों से “मौसम”, “मेघदूत” और “दामिनी” मोबाइल एप का उपयोग कर स्थानीय मौसम और चेतावनियों की जानकारी लेते रहने की अपील की है।

 

 

Next Post

अमेरिका के कैलिफोर्निया में सड़क हादसा मामले में अवैध प्रवासी भारतीय ट्रक चालक गिरफ्तार

Thu May 21 , 2026
वाशिंगटन, 21 मई (वार्ता) अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत में कई वाहनों की आपस में भिड़ंत के मामले में एक अवैध प्रवासी भारतीय ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है। फॉक्स न्यूज ने अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग के हवाले से बताया कि इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो […]

You May Like