खंडवा विधानसभा में 152 करोड़ की लागत से संवरेंगी 78 किलोमीटर लंबी सडक़ें

खंडवा। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट खंडवा विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की नई इबारत लिखने वाला साबित हुआ है। क्षेत्रीय विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को नई गति मिली है। बजट में खंडवा विधानसभा की सडक़ों के कायाकल्प के लिए सरकार ने खजाना खोल दिया है, जिसके तहत कुल 152.67 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से क्षेत्र में कुल 78.53 किलोमीटर लंबी 11 प्रमुख सडक़ों और पुलियों का निर्माण व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। विधायक श्रीमती कंचन तनवे ने बताया कि बजट में सबसे बड़ी सौगात ग्रामीण अंचलों को शहर और हरसूद क्षेत्र से जोडऩे वाली महत्वपूर्ण सडक़ के रूप में मिली है। इसमें खंडवा से सिहाड़ा-गोकुलगांव-भकराड़ा-बमनगांव-तलवडिय़ा-जामली-सैयद-माथनी से हरसूद चारखेड़ा भैसावा मार्ग के निर्माण के लिए सर्वाधिक 95 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह 38 किलोमीटर लंबी सडक़ दर्जनों गांवों के लिए जीवन रेखा साबित होगी। इसके अलावा, यातायात के दबाव को कम करने और सुगम आवागमन के लिए खंडवा-दुल्हार-पंधाना मुख्य जिला मार्ग (ग्राम सिरपुर फाटे से छैगांवदेवी मार्ग तक) के 12 किलोमीटर हिस्से के लिए 30 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है।

अन्य प्रमुख स्वीकृतियों की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि 4.90 किलोमीटर लंबे खंडवा से सिहाड़ा वाया पढेला हनुमान मंदिर मार्ग के लिए 5.10 करोड़ रुपये, भकराड़ा-बमनगांव-खेड़ीकिता मार्ग (6.18 किमी) के लिए 4.94 करोड़ रुपये और खंडवा-कालमुखी-केलवा मार्ग (3.05 किमी) के लिए 4.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही सीआरएफ योजना अंतर्गत खंडवा-अमलपुरा-सांवखेड़ा-जावर एवं सांवखेड़ा-सतवाड़ा-बडग़ांवमाली-नहालदा मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 3.06 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। वहीं, छोटे लेकिन महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों जैसे खंडवा-अमलपुरा-सांवखेड़ा से माथनी पहुँच मार्ग, खंडवा-पिपलिया फूल-तपोवन मार्ग, खंडवा-तलवडिय़ा-कोलगांव मार्ग और खंडवा-पलकना पहुँच मार्ग को भी बजट में शामिल किया गया है। साथ ही खंडवा-मानपुरा पहुँच मार्ग पर 1.50 करोड़ की लागत से 2 नग स्लैब कलवर्ट का निर्माण भी किया जाएगा।

खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे ने इस ऐतिहासिक बजट को प्रदेश के समावेशी विकास और समृद्धि का प्रतीक बताया है। उन्होंने खंडवा विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा तथा लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का हृदय से आभार और धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि इन सडक़ों के निर्माण से न केवल आवागमन सुलभ होगा, बल्कि किसानों और व्यापारियों को भी सीधा लाभ मिलेगा, जो क्षेत्र की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा।

Next Post

पूर्व विधायक पंजाब सिंह के पोते का निधन

Thu Feb 19 , 2026
सीधी। जिले के कुसमी क्षेत्र से एक अत्यंत दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक पंजाब सिंह के पौत्र एवं कक्षा 10वीं के छात्र शिवेन्द्र सिंह का अचानक निधन हो गया। परिवार और पूरे इलाके में इस घटना से गहरा शोक व्याप्त है। […]

You May Like