कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया भू-माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए विदिशा उद्वहन सिंचाई परियोजना की नहर की जमीन पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण का आरोप लगाया। कांग्रेस ने दावा किया कि यह कब्जा राजनीतिक संरक्षण में सक्रिय भू-माफियाओं द्वारा किया जा रहा है।

भोपाल में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी प्रवक्ता आनंद जाट ने आरोप लगाया कि किसानों को मुआवजा देकर अधिग्रहित की गई कीमती शासकीय भूमि पर प्रभावशाली लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 से बंद पड़ी इस परियोजना की नहरों को समतल कर वहां आलीशान मकान, व्यावसायिक कॉलोनियां और पेट्रोल पंप तक बना दिए गए हैं, जिनका संबंध भाजपा नेताओं और उनके सहयोगियों से बताया जा रहा है।

जाट ने सरकारी अभिलेखों का हवाला देते हुए कहा कि जल संसाधन विभाग द्वारा वर्ष 2020 से लगातार पत्राचार किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिला प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि विदिशा में “एक शहर, दो कानून” जैसी स्थिति बन गई है, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए जाट ने कहा कि ऐसे माफियाओं का उदय वर्ष 2005 के बाद तेजी से हुआ। कांग्रेस ने भाजपा पर गरीबों के लिए प्रस्तावित ‘सूरज कॉलोनी’ विकसित करने के वादे को भी पूरा न करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस ने अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने और दोषियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी।

Next Post

मटका किंग की टीम ने मेरे किरदार गुलरुख को समझने में काफी समय लगाया : कृतिका कामरा

Thu Apr 23 , 2026
मुंबई, 23 अप्रैल (वार्ता) अभिनेत्री कृतिका कामरा का कहना है कि वेबसीरीज मटका किंग की टीम ने उनके किरदार गुलरुख को समझने में काफी समय लगाया। मटका किंग के अमेज़ॉन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने के साथ ही कृतिका कामरा अपने शानदार ऑन-स्क्रीन ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर खूब चर्चा में हैं। […]

You May Like