रीवा के मॉडल स्कूल में बवाल: संबल राशि हड़पने और कोचिंग फीस में काटने का आरोप, गेट पर धरने पर बैठे पूर्व छात्र!

रीवा शहर के सिविल लाइन स्थित शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संबल योजना की छात्रवृत्ति और फीस वापसी को लेकर चल रहा विवाद अब उग्र रूप ले चुका है।

पूर्व में की गई शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने से आक्रोशित पूर्व छात्रों ने आज स्कूल के गेट पर बैठकर जोरदार प्रदर्शन किया और स्कूल प्रबंधन व संबंधित शिक्षक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि मध्य प्रदेश में वर्ष 2018 में जब से संबल योजना शुरू हुई है, तब से उन्हें योजना के तहत मिलने वाली शुल्क वापसी की राशि प्रदान नहीं की गई है।

छात्रों ने स्कूल के एग्रीकल्चर संकाय के शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे खुद निजी कोचिंग का संचालन करते हैं। छात्रों का दावा है कि उनकी संबल योजना की राशि को जबरन निजी कोचिंग की फीस के नाम पर काट लिया जाता है।

प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप है कि जो छात्र शिक्षक की निजी कोचिंग में पढ़ने नहीं जाते, उन्हें न केवल संबल राशि से वंचित रखा जाता है बल्कि परीक्षा में फेल भी कर दिया जाता है।

छात्रों का कहना है कि पिछले दिनों अखबारों में छात्रों को राशि मिलने की भ्रामक खबर प्रकाशित करवाई गई थी, जबकि हकीकत में कई विद्यार्थियों के खाते में कोई पैसा नहीं पहुंचा है।

हाल ही में इस मामले को लेकर स्कूल परिसर की दीवारों पर शिक्षक के खिलाफ पोस्टर भी चस्पा किए गए थे, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया था।

धरने पर बैठे पूर्व छात्रों ने साफ चेतावनी दी है कि वे इस बार आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक गरीब और मजदूर परिवार के बच्चों की हड़पी गई संबल राशि उन्हें वापस नहीं मिल जाती और दोषी शिक्षक के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे धरना स्थल से नहीं उठेंगे।

.....

Next Post

मुरादाबाद में साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

Tue Nov 17 , 2026
मुरादाबाद। साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भगतपुर थाना पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों फिरोज और हसन को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और […]

You May Like